रांची: रातू क्षेत्र में रसोई गैस सिलेंडर की कम आपूर्ति के कारण उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ती जा रही है। गैस की मांग बढ़ने के बावजूद सिलेंडरों की सीमित उपलब्धता के कारण कई ग्राहकों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ सकता है।
स्थानीय गैस एजेंसी से मिली जानकारी के अनुसार वर्तमान में 1500 से अधिक गैस सिलेंडर की बुकिंग लंबित है। बुकिंग की संख्या लगातार बढ़ने से गैस वितरण की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है और समय पर सभी ग्राहकों तक सिलेंडर पहुंचाना मुश्किल हो गया है।
एजेंसी संचालकों का कहना है कि उनके पास प्रतिदिन करीब 340 गैस सिलेंडर ही उपलब्ध हो पा रहे हैं। जबकि उपभोक्ताओं की बुकिंग संख्या इससे कहीं ज्यादा है। ऐसे में सीमित आपूर्ति के कारण सभी उपभोक्ताओं को तय समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराना संभव नहीं हो पा रहा है।
गैस एजेंसी की ओर से उपभोक्ताओं से धैर्य बनाए रखने की अपील की गई है। एजेंसी का कहना है कि जैसे-जैसे सिलेंडरों की आपूर्ति बढ़ेगी, उसी के अनुसार बुकिंग के आधार पर वितरण किया जाएगा। फिलहाल उपभोक्ताओं को अपनी बारी आने तक इंतजार करना पड़ सकता है।

