रांची: रातू थाना क्षेत्र के मुरगू गांव में बुधवार की रात चोरों ने एक बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। अज्ञात बदमाशों ने सेवानिवृत्त पंचायत सेवक देवरतन तिवारी के घर में घुसकर करीब 55 लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली।
जानकारी के अनुसार चोरों ने घर में रखे लगभग 50 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और करीब 5 लाख रुपये नकद पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है।
बताया जा रहा है कि यह घटना रात करीब 8:30 बजे से 11 बजे के बीच हुई। उस समय घर के सभी सदस्य पड़ोस में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए रातू चट्टी गए हुए थे।
रात करीब 11 बजे जब परिवार के लोग घर लौटे, तब देवरतन तिवारी ने दो संदिग्ध युवकों को घर की छत से कूदकर भागते हुए देखा। दोनों के चेहरे नकाब से ढके हुए थे, जिससे उनकी पहचान नहीं हो सकी।
चोरों ने घर के तीन कमरों की अलमारी और ट्रंक तोड़कर जेवरात और नकदी चोरी कर ली। घटना की सूचना तुरंत डायल 112 को दी गई, जिसके बाद पीसीआर-29 मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की गई।
इस संबंध में आकाश तिवारी की शिकायत पर रातू थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और चोरों की तलाश जारी है।

