दुमका में दर्दनाक घटना: प्रेम प्रसंग से परेशान युवक ने की आत्महत्या, गांव में पसरा मातम
Dumka News : झारखंड के दुमका जिले के काठीकुंड थाना क्षेत्र अंतर्गत फिटकोरिया गांव में सोमवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। प्रेम संबंध के कारण मानसिक तनाव में आए एक युवक ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
गांव के पास स्थित एक बरगद के पेड़ से युवक का शव लटका हुआ बरामद किया गया। मृतक की पहचान फिटकोरिया निवासी जितेन हेंब्रम के रूप में हुई है। शव मिलने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
मृतक की बहन झूमा हेंब्रम ने बताया कि जितेन का गांव की ही एक महिला के साथ प्रेम संबंध था। उसने दो दिन पहले ही अपने परिवार को इस रिश्ते के बारे में बताया था और उससे शादी करने की इच्छा जताई थी, लेकिन परिजनों ने इस संबंध का विरोध किया।
परिवार ने शर्त रखी थी कि यदि वह महिला के साथ रहना चाहता है, तो उसे गांव में अलग घर बनाकर रहना होगा। इस बात को लेकर घर में तनाव का माहौल बना हुआ था और युवक मानसिक रूप से परेशान चल रहा था।
बताया जा रहा है कि सोमवार दोपहर करीब तीन बजे जितेन ताड़ी काटने के बहाने घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान ग्रामीणों ने खेत में स्थित ग्राम प्रधान के बरगद के पेड़ पर उसका शव लटका देखा।
घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया है।
सूचना मिलने पर काठीकुंड थाना के सब-इंस्पेक्टर विवेक विल्सन और केदारनाथ पुरती पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी संभावित पहलुओं से की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

