Ranchi Crime News : राॅंची के रातु थाना क्षेत्र स्थित आनंद नगर, झीरी कमड़े में देर रात घर में घुसकर मारपीट, छेड़छाड़ और लूटपाट की घटना सामने आई है। इस संबंध में पीड़िता निशा देवी ने रातु थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
शिकायत के अनुसार, घर के समीप बन रहे एक मकान में कुछ युवक बैठकर नशा कर रहे थे। इसी दौरान पीड़िता के पति ने टॉर्च की रोशनी डालकर वहां देखा, जिससे युवक नाराज हो गए। आरोप है कि थोड़ी देर बाद मंजर, राजा, ऋषि समेत 5 से 10 युवक उनके घर पहुंच गए और जबरन घर में घुसकर पीड़िता के पति और उनके दोस्त के साथ मारपीट करने लगे।
महिला का आरोप है कि कुछ युवक उन्हें जबरन कमरे के अंदर ले गए और गलत हरकत की कोशिश की। विरोध करने पर उनके साथ भी मारपीट की गई। आरोपियों ने महिला की नथ, कान की बाली, गले के सोने के जेवर और घर में रखे करीब 40 हजार रुपये लूट लिए।
पीड़िता ने बताया कि जाते समय आरोपी घर में लगे सीसीटीवी कैमरे को तोड़कर डीवीआर भी अपने साथ ले गए। शिकायत में कहा गया है कि आरोपियों के पास पिस्तौल और चाकू जैसे हथियार थे और वे परिवार को जान से मारने तथा घर में आग लगाने की धमकी दे रहे थे।
घटना के बाद परिवार सहमा हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।

