DHN Bharat

Ranchi News: कैपिटल हिल होटल के मालिक से 1 करोड़ की रंगदारी, परिवार को खत्म करने की धमकी

Capital Hill Hotel News

Ranchi News: राजधानी रांची में रंगदारी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ताजा मामले में शहर के प्रतिष्ठित कैपिटल हिल होटल के मालिक संजय भाटिया उर्फ टिनू भाटिया से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है। रंगदारी नहीं देने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई है। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, संजय भाटिया को विदेश के एक नंबर से व्हाट्सएप कॉल और वॉयस मैसेज भेजा गया। वॉयस मैसेज में उन्हें संबोधित करते हुए रंगदारी की मांग की गई। साथ ही यह दावा भी किया गया कि उनके परिवार की रेकी की जा चुकी है।

बताया जा रहा है कि धमकी धनबाद के गैंगस्टर प्रिंस खान के नाम पर दी गई है। हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और कॉल व संदेशों के स्रोत का पता लगाने में जुटी हुई है।

गौरतलब है कि इससे पहले 2 जून को भी प्रिंस खान के नाम पर जलजोगा रेस्टोरेंट के मालिक समीर घोष से रंगदारी मांगने का मामला सामने आया था। उस मामले की जांच अभी जारी है। इसी बीच राजधानी में रंगदारी मांगने की एक और घटना ने व्यापारिक वर्ग की चिंता बढ़ा दी है।

इधर, झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स की लॉ एंड ऑर्डर कमेटी के चेयरमैन मुकेश अग्रवाल ने घटना पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ रही रंगदारी की घटनाओं से उद्योग और व्यापार जगत में भय का माहौल बन रहा है। उन्होंने सरकार से व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा। फिलहाल व्यवसायियों के बीच इस घटना को लेकर चिंता का माहौल है।

Exit mobile version