Site icon DHN Bharat

झारखंड में मानसून की दस्तक, 20 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी

Jharkhand Monsoon 2026

रांची। झारखंड में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने दस्तक दे दी है और इसके साथ ही राज्य के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल गया है। मौसम विभाग ने कई जिलों में बारिश, मेघ गर्जन, वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मानसून की उत्तरी सीमा फिलहाल धनबाद, मुजफ्फरपुर और पुरुलिया से होकर गुजर रही है।

मौसम विभाग ने रांची सहित राज्य के 20 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ वज्रपात और अच्छी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां मौसम में बदलाव के साथ हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक की आशंका है।

विभाग का अनुमान है कि अगले चार से पांच दिनों के दौरान मानसून झारखंड के शेष क्षेत्रों में भी तेजी से आगे बढ़ेगा। 14 जून से 20 जून के बीच राज्यभर में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस अवधि में अधिकतम तापमान 34 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान लगाया गया है।

Exit mobile version