Ranchi Gas Supply News: राजधानी रांची में घरेलू गैस आपूर्ति को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में गैस कंपनियों और एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि सभी उपभोक्ताओं तक समयबद्ध होम डिलीवरी सुनिश्चित की जाए।
Ranchi Gas Supply News: लंबित बुकिंग जल्द खत्म करने का निर्देश
बैठक में गैस आपूर्ति की मौजूदा स्थिति और उपभोक्ताओं की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। उपायुक्त ने कहा कि घरेलू गैस आम लोगों की बुनियादी जरूरत है, इसलिए किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सभी एजेंसियों को निर्देश दिया गया कि वे पेंडिंग बुकिंग को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करें और बैकलॉग खत्म करें।
उपभोक्ताओं से भीड़ न लगाने की अपील
तेल कंपनियों इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOCL), भारत पेट्रोलियम (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) के प्रतिनिधियों को आपूर्ति व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए।
साथ ही उपभोक्ताओं से अपील की गई कि वे गैस बुकिंग के लिए IVR, मिस्ड कॉल और ऑनलाइन माध्यम का उपयोग करें और एजेंसी कार्यालयों में अनावश्यक भीड़ न लगाएं।
छोटे सिलेंडरों की उपलब्धता सुनिश्चित
आपात स्थिति को ध्यान में रखते हुए BPCL और HPCL के 5 लीटर छोटे गैस सिलेंडरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
उपभोक्ताओं को सिलेंडर प्राप्त करते समय उपभोक्ता कार्ड साथ रखना अनिवार्य होगा और वितरण के बाद उसकी एंट्री भी जरूरी होगी।
कालाबाजारी पर सख्ती
प्रशासन ने घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और अवैध भंडारण पर कड़ा रुख अपनाया है।
संबंधित अधिकारियों को नियमित निगरानी और औचक निरीक्षण के निर्देश दिए गए हैं। अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
जरूरी संस्थानों में आपूर्ति सामान्य
समीक्षा के दौरान बताया गया कि आंगनबाड़ी केंद्रों, मध्यान्ह भोजन योजना और अस्पतालों में गैस आपूर्ति फिलहाल सामान्य रूप से जारी है।
शिकायत के लिए व्हाट्सएप नंबर जारी
जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि गैस से जुड़ी किसी भी शिकायत या कालाबाजारी की सूचना ‘अबुआ साथी’ व्हाट्सएप नंबर 9430328080 पर दें।
0 Comments