कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) प्रमुख ममता बनर्जी ने मंगलवार को कलकत्ता हाई कोर्ट में चुनावी याचिका दाखिल कर भवानीपुर विधानसभा सीट के चुनाव परिणाम को चुनौती दी। इस सीट पर उन्हें बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।
चुनाव में शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को 15,105 वोटों के अंतर से पराजित किया था। टीएमसी सूत्रों के अनुसार, याचिका की पुष्टि की प्रक्रिया पूरी करने के लिए ममता बनर्जी स्वयं कलकत्ता हाई कोर्ट की रजिस्ट्री पहुंचीं। इस दौरान उनके साथ पार्टी नेता कुणाल घोष और डोला सेन भी मौजूद थे।
‘न्यायिक समीक्षा की मांग’
ममता बनर्जी ने इस मामले में एक हलफनामा भी दाखिल किया है, जिसमें मतगणना प्रक्रिया में अनियमितताओं और धांधली के आरोप लगाए गए हैं। उनकी चुनावी याचिका में भवानीपुर विधानसभा सीट के चुनाव परिणामों की न्यायिक समीक्षा कराने की मांग की गई है। हालांकि, किन विशिष्ट आधारों पर नतीजों को चुनौती दी गई है, इसकी विस्तृत जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।
Table of Contents
Toggleनंदीग्राम में हार के बाद भी कोर्ट पहुंची थीं ममता
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए मतगणना 4 मई को हुई थी। चुनाव में शानदार प्रदर्शन के बाद शुभेंदु अधिकारी राज्य में बीजेपी के पहले मुख्यमंत्री बने। इससे पहले भी ममता बनर्जी ने 2021 के नंदीग्राम विधानसभा चुनाव में शुभेंदु अधिकारी से मिली हार के बाद अदालत का दरवाजा खटखटाया था। हालांकि, वह मामला अब तक लंबित है।